चतरा, 25 जून । मयूरहंड थाना क्षेत्र के महुगाई गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, महुगाई गांव निवासी सत्यदेव सिंह की पत्नी सरोज देवी (44) घर के बाहर दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सरोज देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय क्षेत्र में तेज गर्जना और बारिश का माहौल था। वज्रपात की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे ने पुलिस बल को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया है, ऐसे में सरकार की ओर से आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।