सड़क सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान

पूर्वी सिंहभूम, 14 जून । शहर के व्यस्त साकची गोलचक्कर और बाजार क्षेत्र में रविवार को सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नेशनल ह्यूमन राइट्स अलायंस (एनएचआरए) की ओर से किया गया, जिसका नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार गुप्ता ने किया। अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर ट्रैफिक विभाग के सार्जेंट मेजर अविनाश टुडू शामिल हुए। उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। सोशल मीडिया पर जमशेदपुर वाला के नाम से प्रसिद्ध इन्फ्लुएंसर अंकुश कुमार ने भी युवाओं को जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने और स्टंटबाजी से दूर रहने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोककर सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। एनएचआरए के सदस्यों ने बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रोशन कुमार गुप्ता ने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाना भी संस्था की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में दीपशिखा, हेमंत पाठक, सौम्या मिश्रा, रीतिका कुमारी, ज्योति राय, धर्मेश श्रीवास्तव, अनीक बनर्जी, तुषार सिंह, गुरप्रीत कौर, ईशा दास, सुमन कुमारी, तनीषा देवगम, नवनीत कुमार, अमृत सिंह और अपराजिता रावेरकर सहित कई सदस्य, स्थानीय पुलिसकर्मी और शहर के कई नागरिक मौजूद थे।