बलरामपुर, 13 जून । छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय कन्हर पुल के नीचे अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने आज शनिवार को सख्त कार्रवाई की। मौके पर पहुंची संयुक्त टीम ने दो ट्रैक्टर जब्त किए।
जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज क्षेत्र में लंबे समय से कन्हर नदी से अवैध रूप से बालू निकाले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम आनंद नेताम के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की।
जांच के दौरान बालू उत्खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पुल के आसपास किसी भी तरह का अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह मार्ग दोनों राज्यों को जोड़ने वाला प्रमुख आवागमन मार्ग है और यहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बालू निकासी से पुल की नींव कमजोर होने और नदी की प्राकृतिक धारा प्रभावित होने का खतरा रहता है, जिससे भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जब्त ट्रैक्टरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और नियमित निगरानी की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोबारा न हों।