सिरसा: अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, पांच घायल

सिरसा, 23 जून । जिले के डिंग थाना क्षेत्र में अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। शव का सिरसा के नागरिक अस्पताल में मंगलवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह परिवार शादी समारोह से लौट रहा था।

पुलिस के अनुसार डिंग थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां हिसार निवासी सोनू को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में सुलोचना, वंदना, प्रीति, चार वर्षीय बच्ची वीणा तथा गाड़ी चालक कुलदीप शामिल है। मृतक सोनू हिसार का रहने वाला था, जबकि घायल सभी लोग फतेहाबाद जिले के दादुपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घायलों में बच्ची वीणा और वंदना की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डिंग थाना प्रभारी के अनुसार यह हादसा सोमवार रात को हुआ है और कार की गति तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।