जयपुर, 04 जून । तीन की देरी से मानसून केरलम पहुंच गया। आगामी 2-3 दिन में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु को कवर कर सकता है। बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में आगे बढ़ सकता है। आमतौर पर यह 1 जून को केरलम पहुंचता है। इसके बाद डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है। 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरा हो जाता है। हवा की रफ्तार और दिशा मानसून के राजस्थान पहुंचने का समय निर्धारित करेगा। अगर सब कुछ सही रहा तो प्रदेश में मानसून की दस्तक 28 जून तक हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर सहित करीब 7 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 44.1 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 33.2 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 11 शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री के पार तो वहीं 5 शहरों का रात का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया। बादल छाए रहने और हल्की धूप खिलने से प्रदेश के कई शहरों के पारे में उछाल दर्ज किया गया। अलवर शहर में गुरुवार शाम कई जगह बारिश हुई। श्रीगंगानगर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। वहीं, दिल्ली में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण 4 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट की गईं। अलवर के अलावा पिलानी, चूरू, डूंगरपुर, जयपुर, झुंझुनूं सहित कुछ अन्य शहरों में बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 5 से 7 जून के दौरान राज्य के कुछ भागों में तेज आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है। प्रथम सप्ताह के दौरान राज्य में बारिश सामान्य के आसपास होने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह दौरान राज्य में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। बुधवार को राज्य के पूर्वी भाग एवं पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं पर धूल भरी आंधी एवं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राज्य के पश्चिमी भाग में 1-2 स्थानों (फलोदी) पर गर्म रात्रि दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा सांगोद (कोटा) में 28 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।
पिछले सप्ताह के दौरान राज्य में उष्ण लहर एवं उष्ण रात्रि का भाव नहीं रहा तथा 29 मई से 4 जून राज्य में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, धुल भरी आंधी, झोंकेदार हवा के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई तथा शेष राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। राज्य में पिछले सप्ताह के दौरान दीर्घावधि वर्षा के औसत से 230 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई है।
जयपुर में गुरुवार अलसुबह काले घने बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और शाम को काले घने बादल छाए। शाम को हवाओं के साथ जयपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। जयपुर के दिन के पारे में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी और रात के पारे में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।