बलरामपुर, 26 जून । खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहकारी समितियों में कृषि आदान सामग्री का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। इसी क्रम में आज शुक्रवार काे सामरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक उद्देश्वरी पैकरा की उपस्थिति में किसानों को खाद-बीज का वितरण किया गया।
जिला प्रशासन के समन्वय एवं सतत निगरानी के तहत जमड़ी, डिपाडीह, कोदवा, कुसमी एवं सामरी सहकारी समितियों में किसानों को आवश्यक कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। वितरण प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई में सुविधा मिलने लगी है।
इस अवसर पर विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद एवं बीज का वितरण पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही भूलसीकला और भरतपुर क्षेत्रों में भी खाद एवं बीज का वितरण किया गया, जिससे किसानों को समय पर कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सके।
गौरतलब है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा खरीफ सीजन के दौरान खाद-बीज की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान सामग्री मिल सके और खेती कार्य सुचारू रूप से संचालित हो।