ऑनलाइन 61 लाख की ठगी करने वाले 3 आरोपित गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 26 जून । दंतेवाड़ा जिले की गीदम पुलिस ने 61.06 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में केरल से तीन आरोपितों केरलम के कोझिकोड से मोहम्मद नीजाज आरएम (21 वर्ष ), अभिनव श्रीनिवास (23 वर्ष ) और मोहम्मद साहिल (21वर्ष ) को गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे गीदम लाया गया है। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते किराए पर उपलब्ध कराते थे।

इनमें से एक आरोपित के नाम पर 7 से 8 बैंक खाते संचालित मिले, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपितों को छत्तीसगढ़ लाते समय मोहम्मद नीजाज केरलम के मलाबार क्षेत्र स्थित एक लॉज से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराने के बाद अगले ही दिन उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गीदम थाना क्षेत्र के निवासी भूपेंद्र तेलामी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में करीब 61.06 लाख रुपये जमा कराए गए। बाद में उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। शिकायत के आधार पर धारा 318 (4) बीएनएस और 66 (डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान भारत सरकार के समन्वय पोर्टल, तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ीं गई।

फरार आरोपितों की तलाश में भेजी गई टीम ने केरलम के कोझिकोड से मोहम्मद नीजाज आरएम, अभिनव श्रीनिवास और मोहम्मद साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मोहम्मद नीजाज ने स्वीकार किया कि उसके नाम से अलग-अलग बैंकों में 7-8 खाते संचालित थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने और नकद निकासी के लिए किया जाता था। पूछताछ में अभिनव श्रीनिवास ने बताया कि वह परिचितों और अन्य लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाकर उनमें साइबर ठगी की रकम मंगवाता था। इसके बाद कमीशन लेकर रकम दूसरे बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए आगे भेज देता था।

वहीं, मोहम्मद साहिल ने भी अपने बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और निकासी में किए जाने की बात स्वीकार की। पुलिस को आरोपियों से साइबर नेटवर्क से जुड़े कई अहम डिजिटल और वित्तीय इनपुट मिले हैं। इनकी मदद से नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।