हरिद्वार, 07 जून । भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध उत्तरांचल आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ की लक्सर में आयोजित बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ति्रयों और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से संघ की लक्सर ब्लॉक इकाई का गठन भी किया गया।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल, प्रदेश मंत्री वृंदा तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष दमयंती चुफाल ने प्रतिभाग किया। प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियोंऔर सहायिकाओं के हितों की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री वृंदा व प्रदेश कोषाध्यक्ष दमयंती चुफाल ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्र्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन उन्हें कई चुनौतियों और समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
बैठक में मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, कार्य परिस्थितियों में सुधार और कर्मचारियों से जुड़े अन्य ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के बाद संघ की लक्सर ब्लॉक इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में नीलम को अध्यक्ष, शबनम को महामंत्री, रेनू पंवार एवं रूपेश को उपाध्यक्ष, शबनूर जहां को कोषाध्यक्ष, निशा और सविता को मंत्री, सुंदर बाला को संगठन मंत्री तथा रूबीना को प्रचार मंत्री चुना गया। वहीं दीपिका, सविता, रानी कश्यप और प्रियंका वर्मा को सदस्य बनाया गया।
बैठक के अंत में सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्र्रियों एवं सहायिकाओं ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती और अपने अधिकारों के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।