जबलपुर, 07 जुलाई । पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कन्तोरा में मंगलवार को जर्जर शासकीय स्कूल भवन को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भवन की छत अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कन्तोरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन को गिराने का कार्य चल रहा था। श्रमिक भवन तोड़ रहे थे, तभी अचानक छत ढह गई। मलबे की चपेट में आकर नुनसर निवासी 40 वर्षीय मनोज प्रजापति और 30 वर्षीय पवन दब गए। हादसे के बाद अन्य श्रमिकों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकालकर पाटन अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज प्रजापति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पवन को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि भवन ध्वस्तीकरण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।