दतिया उपचुनाव: भाजपा ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, साेमवार काे नामांकन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

दतिया/भोपाल, 12 जुलाई । दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। अब दतिया को भी विकास की नई दिशा देने के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतमाला और सागरमाला जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से देश के विकास को नई गति दे रहे हैं, ऐसे में कार्यकर्ता भी प्रत्याशी को विजय की माला पहनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने सर्वांगीण विकास के लिए कमल का फूल खिलाने का मन बना लिया है। प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को पार्टी का प्रत्याशी मानकर हर बूथ और हर मोहल्ले में संपर्क अभियान चलाए तथा भाजपा के पक्ष में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करे।

13 जुलाई के नामांकन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सोमवार, 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। इसके पूर्व आयोजित नामांकन सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने की अपील

प्रदेश प्रभारी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुलवाए गए, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।

भाजपा में कमल का फूल ही वास्तविक उम्मीदवार: जगदीश देवड़ा

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में चुनाव किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि विचारधारा, संगठन और कार्यकर्ताओं का होता है। भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल ही वास्तविक उम्मीदवार होता है और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही पार्टी की जीत की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता समान महत्व रखता है और संगठन में एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। स्वयं उनके उपमुख्यमंत्री बनने को उन्होंने भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्य संस्कृति का उदाहरण बताया। देवड़ा ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए मतदाताओं से व्यापक संपर्क करने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं के भरोसे ऐतिहासिक जीत का दावा

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया का भाजपा परिवार हमेशा संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहा है। उन्होंने वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से भाजपा दतिया उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी।

कार्यकर्ता सम्मेलन को प्रदेश सरकार के मंत्री एंदल सिंह कंषाना, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद संध्या राय तथा जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, विधायक प्रदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।