दतिया में कांग्रेस की जीत तय, जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार : जीतू पटवारी

दतिया, 23 जुलाई । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के तहत कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया तथा कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए विकास, न्याय और जनहित की राजनीति को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

जनसंपर्क के दौरान जीतू पटवारी ने दावा किया कि दतिया की जनता का उत्साह और समर्थन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत के दौरान भाजपा के प्रति व्यापक नाराज़गी देखने को मिली है। उन्होंने कहा, “मैं दतिया के गाँव-गाँव और वार्ड-वार्ड में लोगों से मिल रहा हूँ। जनता बदलाव चाहती है। न लोग भाजपा प्रत्याशी को पहचानते हैं और न ही उन्हें समर्थन देने के इच्छुक हैं। इस बार दतिया में कांग्रेस का परचम लहराना तय है।”

लोकतंत्र के साथ अन्याय का जनता देगी जवाब

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि दतिया की जनता ने देखा है कि किस तरह कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त कर लोकतंत्र के जनादेश का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि जनता इस घटनाक्रम को भूली नहीं है और उसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के माध्यम से देगी।

पटवारी ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के सम्मान की रक्षा का चुनाव है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता भाजपा के अहंकार और कथित अन्याय का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएगी।

जनसंपर्क अभियान के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।