जगदलपुर, 05 जुलाई । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित उप अंकेक्षक भर्ती परीक्षा आज रविवार को बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित समय पर किया गया, जिसमें शामिल होने के लिए सुबह से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में पंहुच गये थे। इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 1,064 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 662 आवेदकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और 402 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
केंद्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर कॉलेज में पंजीकृत 360 छात्रों में से 226 उपस्थित और 134 अनुपस्थित पाए गए। इसी तरह झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में भी 360 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जहाँ सबसे ज्यादा 233 छात्रों ने परीक्षा दी और 127 अनुपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में पंजीकृत कुल 344 परीक्षार्थियों में से 203 उपस्थित दर्ज किए गए, जबकि 141 छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। बस्तर जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया, जिसके चलते पूरी परीक्षा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।