कॉमिक्स के जरिए बच्चों को सिखाएगी सुरक्षा के गुर, दिल्ली पुलिस ने शुरू किया डिजिटल अवेयरनेस अभियान

नई दिल्ली, 04 जुलाई । बच्चों को साइबर अपराध, बुलिंग, नशे और यौन शोषण जैसे गंभीर खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। ‘चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ’ के तहत शुरू किए गए डिजिटल कॉमिक अवेयरनेस कैंपेन में बच्चों को कॉमिक्स के माध्यम से सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। खास बात यह है कि इस अभियान में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी जोड़ा गया है, ताकि घर और स्कूल दोनों जगह सुरक्षा को लेकर खुलकर चर्चा हो सके।

दिल्ली पुलिस के अनुसार अभियान शुरू करने से पहले पुलिस मुख्यालय में विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के बाद इन शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये मास्टर ट्रेनर अपने-अपने स्कूलों में छात्रों के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूक करेंगे।

अभियान के तहत मास्टर ट्रेनरों को विशेष रूप से तैयार की गई डिजिटल कॉमिक बुकलेट उपलब्ध कराई गई हैं। इन कॉमिक्स को इस तरह तैयार किया गया है कि बच्चे खेल-खेल में गंभीर विषयों को आसानी से समझ सकें। सप्ताहांत में बच्चों को अपने माता-पिता के साथ इन कॉमिक्स को पढ़ना होगा और उनमें दिए गए सुरक्षा संबंधी संदेशों पर चर्चा करनी होगी। दिल्ली पुलिस का मानना है कि यदि अभिभावक भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे तो बच्चों में सुरक्षा को लेकर बेहतर समझ विकसित होगी और वे किसी भी खतरे की स्थिति में सही निर्णय ले सकेंगे।

हर सोमवार स्कूलों में इन कॉमिक्स के आधार पर समूह चर्चा आयोजित की जाएगी। छात्र सप्ताहांत में सीखी गई बातों को अपने सहपाठियों के साथ साझा करेंगे, सवाल पूछेंगे और अपनी शंकाओं का समाधान करेंगे। जरूरत पड़ने पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी इन सत्रों में शामिल होकर बच्चों को सुरक्षा से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

पूरे महीने चलने वाले इस अभियान में हर सप्ताह एक नया विषय शामिल किया गया है। इनमें साइबर सुरक्षा, शारीरिक बुलिंग से बचाव, नशे के प्रति जागरूकता और पॉक्सो कानून के तहत बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। हर सप्ताह एक विषय पर आधारित डिजिटल कॉमिक जारी की जाएगी, जिससे बच्चे चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग सुरक्षा पहलुओं को समझ सकें।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह अभियान उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू के निर्देश और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ’ का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य बच्चों के लिए सुरक्षा संबंधी शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि रोचक और व्यवहारिक बनाना है। साथ ही बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और पुलिस के बीच संवाद बढ़ाकर ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करना है, जहां बच्चे किसी भी समस्या या खतरे की जानकारी बिना झिझक साझा कर सकें।