नैनीताल, 23 जुलाई । नैनीताल जनपद के ओखलकांडा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित कौन्ता-ककोड़-हरीशताल मोटर मार्ग की गुणवत्ता की जांच के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिये हैं और इस हेतु तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।
समिति को तीन सप्ताह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत एवं तथ्यपरक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि जिलाधिकारी ने यह निर्णय मोटर मार्ग की निर्माण गुणवत्ता को लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के बाद लिया है। उन्होंने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण और गुणवत्ता परीक्षण कर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं।
गठित जांच समिति में मुख्य विकास अधिकारी को अध्यक्ष तथा लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को सदस्य बनाया गया है। समिति कार्यस्थल का निरीक्षण करने के साथ ही निर्माण गुणवत्ता और संबंधित अभिलेखों की भी जांच करेगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को जांच समिति के साथ पूरा सहयोग करने तथा सभी आवश्यक अभिलेख और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।