डूंगरपुर, 30 जुलाई । जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 71 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रतनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर उदयपुर से अहमदाबाद जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारत बेंज कंपनी के एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक में बैटरी बॉक्स के ऊपर बनाए गए गुप्त केबिन में चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब गुजरात ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने कंटेनर को खाली बताया और मुख्य बॉडी की जांच में वह खाली भी मिली। हालांकि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बैटरी बॉक्स के ऊपर बने गुप्त केबिन की जांच की, जहां से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत अंग्रेजी शराब के 71 कार्टन बरामद किए गए।
पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में ट्रक चालक नवाब खान पुत्र आरब खान निवासी ऊंडू प्रहलादपुरा, थाना शिव, जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपितों के संबंध में जांच कर रही है।