नशा मुक्त भारत के संदेश के साथ युवाओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

पूर्वी सिंहभूम, 25 जुलाई ।भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत की ओर से शनिवार को करीम सिटी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कॉलेज सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रियाज़ ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आईआईटी हिंद के निदेशक डॉ ताहिर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगे तो समाज और देश दोनों का भविष्य मजबूत होता है।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक सैयद साजिद परवेज भी उपस्थित थेे। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लिया। लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म एवं रील निर्माण, कविता पाठ तथा स्लोगन लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली। प्रतियोगिता की प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मानव घोष ने किया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले सभी विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम का प्रतिनिधित्व करेंगे।