हाईवा की चपेट में आने से एक की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग पर देल्हो स्थित इंडियन गैस एजेंसी के समीप रविवार को सड़क हादसे में कोयला लदे हाईवा की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान देल्हो गांव निवासी सहदेव यादव के रूप में हुई है।

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने मुआवजा, दोषी चालक पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।