बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत

गिरिडीह, 15 जुलाई । गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। हादसा तिसरी–गांवा मुख्य मार्ग पर भुराई मध्य विद्यालय के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान गुंगी गांव निवासी वितेक साव (25) और प्रिंस साव (22) के रूप में हुई है। दोनों भाई तिसरी चौक से बाजार कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भुराई मध्य विद्यालय के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा बोलेरो को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

तिसरी थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।————