कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा : 26 एवं 27 जुलाई को दो पारियों में होगी परीक्षा

जयपुर, 21 जुलाई । राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा-2025 (जयपुर विकास प्राधिकरण) के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा का आयोजन 26 एवं 27 जुलाई, 2026 को प्रतिदिन दो पारियों में प्रातः 9 बजे से 12 बजे तथा दोपहर 2ः30 बजे से सायं 5ः30 बजे तक किया जाएगा।

जिला कलेक्टर संदेश नायक के आदेशानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट जयपुर के कक्ष संख्या 116 में जिला स्तरीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 24 एवं 25 जुलाई को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक तथा 26 एवं 27 जुलाई को प्रातः 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा।

नियंत्रण कक्ष में परीक्षा व्यवस्था के समन्वय एवं सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों के कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। नियुक्त कार्मिक परीक्षा अवधि के दौरान नियंत्रण कक्ष में उपस्थित रहकर समन्वयक परीक्षा आयोजन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित करेंगे।

जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।