छग विधानसभा के मानसून सत्र का आखिरी दिन रहेगा हंगामेदार, अविश्वास प्रस्ताव पर हाेगी चर्चा

रायपुर 17 जुलाई । छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज शुक्रवार काे अंतिम दिन सियासी दृष्टि से बेहद अहम रहने वाला है। विपक्षी दल कांग्रेस सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्ता पक्ष भी हर आरोप का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। ऐसे में विधानसभा में तीखी बहस और जोरदार हंगामे के आसार हैं।

सत्र की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित सीएजी की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। वहीं विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भईयालाल राजवाड़े विभिन्न प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

दिन का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव रहेगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सदन में प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएंगे। इसके जवाब में सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों और योजनाओं का पक्ष रखेगा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले लाए गए सभी नौ अविश्वास प्रस्ताव सरकारों के बहुमत के कारण पारित नहीं हो सके थे। ऐसे में इस बार भी प्रस्ताव के पारित होने की संभावना भले ही कम हो, लेकिन सदन में होने वाली बहस राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।