भोपाल, 14 जुलाई । मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश के मुख्य पर्यटन स्थलों सहित जीवनदायिनी मां नर्मदा की नर्मदा परिक्रमा को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल करें।
राज्य मंत्री लोधी मंगलवार को मंत्रालय में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा प्रदेश के 16 जिलों से होकर गुजरती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए योजना बनाए। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुक्रम में अंतराज्यीय तीर्थ दर्शन के लिये बस संचालन की कार्ययोजना पर त्वरित कार्य करें।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि गैर शासन संधारित मंदिरों के जीर्णोद्धार की योजना बनाए। उन्होंने प्रदेश में शासन संधारित मंदिरों से संबद्ध भूमि की वस्तुस्थिति तथा राज्य के बाहर स्थित विभागीय परिसम्पत्तियों की वर्तमान स्थिति को भी जाना।
राज्य मंत्री लोधी ने शासन संधारित मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा उनके दस्तावेजीकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मध्यप्रदेश तीर्थस्थान एवं मेला प्राधिकरण के कार्यों, विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में की जा रही कार्यवाही तथा सीएम मॉनिट, विभागीय घोषणाओं व सीएम हेल्पलाइन की अद्यतन स्थिति की भी प्रगति जानी गई। इसके अतिरिक्त, आगामी सिंहस्थ 2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के दृष्टिगत विभाग द्वारा तैयार की गई विशेष कार्ययोजना की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री लोधी ने निर्देश दिए कि आगामी सिंहस्थ 2028 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभाग एक समेकित एवं व्यापक कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ के दृष्टिगत तीर्थ स्थलों के सुनियोजित विकास के साथ धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के प्रमुख मंदिरों के जीर्णोद्धार और विकास की भी विशेष योजना बनाई जाए। क्षेत्रीय जनभावनाओं का सम्मान करते हुए समन्वयक मंत्रियों, सांसदों और विधायकों द्वारा क्षेत्र के विकास के लिये भेजे गए प्रस्तावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि सभी प्रमुख मंदिरों की ऑनलाइन जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सटीक और प्रामाणिक सूचना मिल सके। समीक्षा बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।