भोपाल, 18 जुलाई । भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए। इस दौरान ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, कैरेड, बोर्ड, दुकानों के बाहर रखा सामान तथा आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को हटाया गया। अभियान के दौरान कई सामान भी जब्त किए गए।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ-साथ नियमित अभियान के तहत की।
कार्रवाई कोलार रोड, सर्वधर्म कॉलोनी, चूनाभट्टी, ललिता नगर, डी-मार्ट, जेके अस्पताल, सनखेड़ी, शिवाजी नगर, रेडक्रॉस अस्पताल, माचना कॉलोनी, भदभदा चौराहा, सूरज नगर, टीटी नगर, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, रोशनपुरा, भारत माता चौराहा, सैर सपाटा, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 और 3, नेहरू नगर, बिट्टन मार्केट, सात नंबर बस स्टॉप, इंद्रपुरी, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, रायसेन रोड, अशोका गार्डन, हमीदिया रोड, भोपाल टॉकीज, कोहेफिजा, जहांगीराबाद, कमला पार्क, पॉलीटेक्निक और रवींद्र भवन सहित कई इलाकों में की गई।
अभियान के दौरान फुटपाथ पर लगी सब्जी की दुकानों, सड़क किनारे रखे व्यावसायिक सामान, अवैध ठेलों और गुमठियों को हटाया गया। सूरज नगर-भदभदा क्षेत्र में सड़क पर रखी भवन निर्माण सामग्री हटाई गई, जबकि टीटी नगर दशहरा मैदान क्षेत्र से यातायात में बाधा बन रहे 40 चारपहिया वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने इंद्रपुरी औद्योगिक क्षेत्र में मेट्रो रेल परियोजना के कार्य में बाधा बन रही छह झुग्गियों को भी हटाया। अभियान के दौरान तीन ठेले, एक पान पार्लर और 20 कैरेड सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि यातायात सुचारु रहे और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों को रोका जा सके।