नई दिल्ली, 05 जुलाई । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कहा कि देशभर की रामलीला समितियां भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सशक्त वाहक हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज संसद भवन में श्री रामलीला महासंघ के नेतृत्व में दिल्ली की रामलीलाओं के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान रामलीला महासंघ की ओर से अर्जुन कुमार एवं सुभाष गोयल ने ओम बिरला को गदा एवं रामायण की प्रति भेंट की सम्मान किया और आए हुए सभी प्रतिनिधियों को लोकसभा, राज्यसभा का अवलोकन करवाया गया। इस मौके पर रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों ने रामलीला के संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बिरला ने कहा कि रामलीला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, भारत की सनातन परंपराओं, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। सदियों से चली आ रही रामलीला की परंपरा ने भारतीय समाज को मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ने का कार्य किया है तथा इसका संरक्षण और निरंतरता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बिरला ने कहा कि इन समितियों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आधुनिकता के इस दौर में भी हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आयोजनों को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए नवाचार, तकनीक और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रामलीला सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर यह आयोजन भारतीय जीवन दर्शन की व्यापकता और समावेशी भावना को सुदृढ़ करता है।
चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला भारत की सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत उत्सव है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, हमारी सभ्यता, संस्कारों और राष्ट्रीय चरित्र का प्रतिबिंब है। रामलीला समितियां भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर की संरक्षक हैं और इनके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक और अधिक सशक्त रूप में पहुंचे।
रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार और महामंत्री सुभाष गोयल ने संयुक्त रूप से कहा कि दिल्ली में राम लीलाएं प्राचीन काल से चली आ रही हैं दिल्ली में सभी एजेंसियां फ्री ग्राउंड देती हैं, दिल्ली विकास प्राधिकरण भी अपने ग्राउंड रामलीलाओं के लिए निशुल्क दे तथा रामलीलाओं को फ्री बिजली प्रदान की जाए।