प्रयागराज, 07 जुलाई । उत्तर प्रदेश में आगामी कुछ घंटों में प्रयागराज सहित कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। ऐसा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही मंगलवार सुबह मौसम विभाग ने प्रयागराज सहित प्रभावित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि प्रयागराज, मिर्जापुर और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
सीएसए के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में बादलों का प्रभाव बना हुआ है। इसके चलते प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी।
डॉ. पांडेय ने कहा कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसान खेतों में कार्य करते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखें तथा बिजली चमकने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।