ओरिएंटल कप 2026: डीपीएस आरके पुरम और फरीदाबाद के गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल ने जीत से किया आगाज

नई दिल्ली, 07 जुलाई । ओरिएंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे संस्करण का शुभारंभ मंगलवार को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में शानदार अंदाज़ में हुआ। पहले दिन गत चैंपियन दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) आरके पुरम और गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद ने अपने-अपने मुकाबले बड़े अंतर से जीतकर विजयी शुरुआत की।

लड़कों के वर्ग में डीपीएस आरके पुरम ने वसंत वैली स्कूल को 5-0 से हराया। मैच का पहला हाफ गोलरहित रहा, लेकिन दूसरे हाफ में अभव भारद्वाज ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि आदित्य लाल और रिदित डांग ने एक-एक गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।

लड़कियों के वर्ग में गत विजेता गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद ने नेवी चिल्ड्रेन स्कूल को 5-0 से शिकस्त दी। सोम्या ने चार गोल दागकर मैच की स्टार खिलाड़ी रहीं, जबकि इशु ने एक गोल किया।

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के खिलाड़ी रोहित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट भविष्य के खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भारतीय स्कूली फुटबॉल के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अन्य मुकाबलों में लड़कियों के वर्ग में वसंत वैली स्कूल ने डीपीएस आरके पुरम को 3-0 से हराया, जबकि मॉडर्न स्कूल ने पूर्व चैंपियन संस्कृति स्कूल को 4-0 से मात दी। ध्वनि बिदादा ने हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

लड़कों के वर्ग में नेवी चिल्ड्रेन स्कूल ने वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल को 3-1 से हराया, संस्कृति स्कूल ने मॉडर्न स्कूल को 1-0 से पराजित किया, जबकि डीपीएस वसंत कुंज ने देव समाज मॉडर्न स्कूल को 3-0 से हराया। कनव शर्मा ने हैट्रिक लगाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

दिन के प्रदर्शनी मुकाबले में एनजीओ स्ट्राइव ने मेरा इंडिया मेरा अधिकार (एमआईएमए) को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।

7 से 16 जुलाई तक चलने वाले ओरिएंटल कप 2026 में दिल्ली-एनसीआर की 48 से अधिक टीमों के लगभग 1,500 छात्र-खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस बार प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि दोगुने से अधिक बढ़ाई गई है। साथ ही 10 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य स्कूली फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।