बलरामपुर, 31 जुलाई । दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए आज शुक्रवार काे जिला अस्पताल में यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 45 दिव्यांगजनों का पंजीयन कर यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को यूडीआईडी कार्ड के महत्व, आवेदन प्रक्रिया और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों का यूडीआईडी पोर्टल पर पंजीयन किया गया। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए एकीकृत पहचान पत्र के रूप में कार्य करता है। इसके माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, छात्रवृत्ति, उपचार, सहायक उपकरण, पेंशन और अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकता है।
जिला अस्पताल में प्रत्येक शुक्रवार को यह शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। विभाग ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर पंजीयन कराने की अपील की है।