महेंद्र भट्ट ने किया नकल रोधी कानून का स्वागत, राहुल गांधी के बयानों पर साधा निशाना

देहरादून, 29 जुलाई । उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में नकल रोधी कानून संशोधन विधेयक पारित होने का स्वागत करते हुए इसे प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों को भी भ्रामक और निराधार बताते हुए उनकी आलोचना की है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नकल और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई के वादे के अनुरूप कठोर नकल रोधी कानून लाया गया है। उन्होंने इस कदम के लिए प्रधानमंत्री और लोकसभा के सभी सांसदों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि नया कानून प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

श्री भट्ट ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद और मीडिया में भ्रम तथा सनसनी फैलाने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ निराधार आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने या ऐसा कोई आदेश दिए जाने संबंधी राहुल गांधी के दावों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने छात्रों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान किया है और इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश और प्रदेश की जनता और युवा ऐसे प्रयासों को समझते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ खड़े हैं।

—-