रवाल्टा समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू : मनवीर चौहान

देहरादून, 28 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी के रवाल्टा समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शासन स्तर पर शुरू हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद समुदाय को जल्द अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलेगा।

मनवीर चौहान ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रवाल्टा समाज की लंबे समय से लंबित मांग और उनकी सामाजिक परिस्थितियों से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून और हर्षिल दौरे के दौरान भी रवाल्टा समाज को जौनसार क्षेत्र की तर्ज पर अनुसूचित जनजाति में शामिल किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने संबंधित विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उनके अनुसार यह पहल रवाल्टा समाज की संस्कृति, परंपरा, पहचान और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मनवीर चौहान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय को गंभीरता से लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में रवाल्टा समाज को उसका उचित सम्मान और अधिकार मिलेगा। साथ ही कहा कि समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।