मीरजापुर, 25 जुलाई । श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जनपद में 31 जुलाई से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। क्षेत्राधिकारी यातायात गायत्री यादव ने बताया कि इस दौरान प्रमुख कांवड़ तिथियों पर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल एंबुलेंस, स्कूल वाहन, डेयरी, पेट्रोलियम, अग्निशमन, पुलिस तथा फल-सब्जी जैसी आवश्यक सामग्री ले जाने वाले वाहनों को अनुमति मिलेगी।
शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार के अलावा आवश्यकता पड़ने पर मंगलवार व बुधवार को भी डायवर्जन लागू किया जाएगा। शहर में भारी वाहनों को गैपुरा, समोगरा बाईपास, बरकछा, भटौली पुल और चील्ह समेत विभिन्न स्थानों से ही डायवर्ट किया जाएगा। राबर्ट्सगंज तिराहा, मड़िहान, राजगढ़, घोरावल, रीवा, सोनभद्र, चुनार, शास्त्री ब्रिज, गोपीगंज, औराई तथा लालगंज मार्गों पर भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या के अनुसार हल्के वाहनों का भी आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जा सकता है। बड़े ट्रेलर और अन्य भारी वाहन वाराणसी, प्रयागराज, चुनार, नारायणपुर और लालगंज मार्ग से होकर अपने गंतव्य की ओर भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रमुख तिथियों पर अनावश्यक यात्रा से बचें तथा निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी।