वाराणसी, 20 जुलाई । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में विश्वसुंदरी पुल के नीचे सोमवार सुबह पुलिस और तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस टीम ने बिहार निवासी आरोपित गो तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गोवंश लादकर तस्कर हाईवे के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर रामनगर पुलिस ने विश्वसुंदरी पुल के पास घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोकने का संकेत दिया गया। यह देख चालक वाहन से उतरकर विश्वसुंदरी पुल के नीचे की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध असलहा भी बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मोहम्मद एजाज के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध गोतस्करी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी पूर्व में गोतस्करी के मामले में जेल जा चुका है और उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।———-