सम्पूर्ण समाधान दिवस में 423 शिकायताें में से 38 का मौके पर निस्तारण

मीरजापुर, 01 अगस्त । शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम तथा प्रभारी जिलाधिकारी विशाल कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील सदर में कुल 193 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि

किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को एक ही मंच पर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। इसलिए अधिकारी प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर पात्र लोगों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।

जनपद की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील मड़िहान में प्राप्त 44 शिकायतों में चार, चुनार में 119 में सात तथा लालगंज में 67 शिकायतों में छह का मौके पर निस्तारण किया गया। इस प्रकार चारों तहसीलों में कुल 423 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 38 मामलों का तत्काल समाधान किया गया।

समाधान दिवस में परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।