लखनऊ, 12 अगस्त । उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रक्षाबन्धन पर्व के दृष्टिगत राज्य में अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था सुलभ कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश में कहीं पर भी बहनें राखी बांधने के लिए पूर्व की भांति सुरक्षित एवं सुगम यात्रा कर सके, इसके लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है। रक्षाबन्धन पर्व के पूर्व एवं समाप्ति के पश्चात् यात्रियों का आवागमन अधिक रहता है। इस दृष्टि से 26 अगस्त से 31 अगस्त तक (06 दिवस) की अवधि में यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक बसों का संचालन किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि पर्व अवधि में परिवहन निगम की शत् प्रतिशत बसों को आनरोड किया जाये। उन्होंने कहा कि लोग रक्षाबंधन पर्व पर पूर्वी क्षेत्र के लिए अधिक यात्रा करते हैं। इसके दृष्टिगत पूर्वी क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी बसों एवं बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पीने के लिए स्वच्छ जल इत्यादि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बस स्टेशनों पर यात्री प्रतीक्षालय स्थल पर लाइट, पंखे की व्यवस्था उत्तम होनी चाहिए। साथ ही यात्रियों को बसों के संचालन के बारे में जानकारी देने के लिए 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की जाए।
एमडी परिवहन निगम प्रभु एन0 सिंह ने समस्त क्षेत्रीय/सहायक क्षेत्रीय प्रबंधको को निर्देश दिए है कि आवश्यकतानुसार दिल्ली से मुरादाबाद-बरेली होते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिये गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली क्षेत्र के संचालन का वर्तमान प्रबन्ध शिथिल किया जाये। इसी प्रकार दिल्ली से अलीगढ़-कानपुर होते हुए पूर्वी क्षेत्रों के लिये अलीगढ़, गाजियाबाद, आगरा व इटावा क्षेत्र के लिये संचालन के वर्तमान प्रतिबन्ध को शिथिल किया जाए। पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों से यदि पश्चिम के क्षेत्रों के लिए प्रारम्भिक प्वाइंटस से 60 प्रतिशत से अधिक यात्री लोड मिलता है तो सभी पूर्वी क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्रों के लिये अतिरिक्त सेवायें संचालित कर सकते है, परन्तु यह प्रतिबन्ध रहेगा कि रक्षाबन्धन के दूसरे दिन से उक्त मार्ग का लोड फैक्टर ब्रेक-ईवन के समतुल्य अगर नहीं प्राप्त होता है, उस पर संचालन न किया जाये।
एमडी ने निर्देश दिए है कि बसों में आवश्यक कल पुर्जे एवं एसेम्बलीज की व्यवस्था पूर्व से आवश्यकतानुसार कर ली जाये। परिवार में किसी की मृत्यु या स्वयं की बीमारी जैसी अति विशिष्ट परिस्थितियों को छोड़कर बस संचालन से संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षको/ चालकों/परिचालकों एवं अन्य कर्मचारियों को उक्त अवधि में कोई भी अवकाश/साप्ताहिक विश्राम/डीडीआर स्वीकृत न किया जाय। क्षेत्र में तैनात अधिकारी बिना अनुमति कार्यस्थल से अनुपस्थित नहीं रहेंगे, अनुपस्थित पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उल्लिखित अवधि में चालकों/परिचालकों कार्यशाला व संचालन शाखा के कर्मचारियों व पर्यवेक्षकों को ड्यूटी रोस्टर तैयार कर उसे अवगत कराते हुए नोटिस बोर्ड में प्रदर्शित/चस्पा कर दिया जाये। इस अवधि में समस्त अनुबन्धित बसों को संचालित कराया जाये तथा अवकाश स्वीकृत न किया जाये। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार विभिन्न गन्तव्यों जैसे लखनऊ व कानपुर हेतु अतिरिक्त सेवायें संचालित की जाये। इस अवधि में मार्गों की सघन चेकिंग करायी जाये तथा निरीक्षण दल द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि मार्ग पर बसों की उपलब्धता मॉग के अनुरूप है अन्यथा की दशा में तत्काल सम्बन्धित क्षेत्र को सूचित करेगें। समस्त बस क्रू को निर्देशित किया जाये कि वे सभी स्टापेजों से ही यात्री उठायें। बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ के दृष्टिगत त्योहार की अवधि में बस स्टेशनों पर पर्यवेक्षक की उपस्थिति निरन्तर बनी रहे तथा डिपो एवं क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा भी बस स्टेशन पर उपस्थित रहकर बसों एवं यात्री सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगें। स्टापेज के इतर मार्ग के मध्य में मिलने वाले यात्रियों के संकेत पर उन्हें अवश्य बस में चढ़ाकर उनके गन्तव्य तक यात्रा की सुविधा प्रदान की जाये।