वंदे मातरम विवाद पर भाजयुमो का कांग्रेस दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन, माफी की मांग

शिमला, 16 अगस्त । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के विरोध में रविवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सनी शुक्ला ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि भाजयुमो के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किए गए।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता इन प्रदर्शनों में शामिल हुए और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।

सनी शुक्ला ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देश की स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उनके अनुसार राष्ट्रगीत के अपमान को लेकर युवाओं में नाराजगी है और इसी कारण प्रदेशभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं हैं। शुक्ला ने कहा कि भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता ऐसे बयानों का राजनीतिक स्तर पर जवाब देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है।

प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर भी भाजयुमो ने कई आरोप लगाए। सनी शुक्ला ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई भर्ती प्रक्रियाएं लंबित हैं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार अपेक्षित गति से काम नहीं कर रही है। उनके अनुसार युवा वर्ग में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

शुक्ला ने कहा कि यदि युवाओं से जुड़े मुद्दों और राष्ट्रगीत के अपमान के मामले पर कांग्रेस ने उचित कदम नहीं उठाए, तो भाजयुमो प्रदेशभर में अपने आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन राष्ट्रहित और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।