सोशल मीडिया पर निगरानी एवं मतदाताओं को करें जागरूक : आयुक्त

धौलपुर, 25 अगस्त । संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन विभाग की गाइडलाइन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनावी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की दो एप्लीकेशन प्रस्तुत किए जाने की स्थिति में उनका समय अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रभावी निगरानी रखने एवं मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारी सीजन को देखते हुए कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने तथा बारिश से प्रभावित मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर वहां की व्यवस्थाओं का अनिवार्य रूप से जायजा लेने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर धौलपुर श्रीनिधि बी टी ने जिले में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों एवं प्रगति से संभागीय आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में 230 वार्डों के लिए 277 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाता सहायता केंद्रों की स्थापना कर उनका निरीक्षण किया जा चुका है। मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केंद्रों के जर्जर भवनों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों का रेंडमाइजेशन भी किया जा चुका है। इसके साथ ही वाहन व्यवस्था, चुनावी रैली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित प्रकोष्ठों का गठन कर दिया गया है।

जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के 47 संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का सत्यापन कर लिया गया है। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित किया गया है। दहशतगर्द, तड़ीपार एवं गुंडागर्दी में लिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। चुनाव संबंधी शिकायतों एवं सूचनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05642-220033 है। बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।