हिमाचल के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेश जारी

शिमला, 03 अगस्त । हिमाचल प्रदेश कैडर के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश सरकार ने सोमवार को 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया और 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेश जारी कर दिए। दोनों अधिकारी लंबे समय से हिमाचल में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और उन्हें प्रदेश के सक्षम व अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है। दोनों अलग-अलग जिलों में उपायुक्त के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

प्रदेश सरकार की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार विवेक भाटिया, जो वर्तमान में मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव-सह-विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं और उनके पास उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है, उन्हें केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्य विभाग में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत पांच वर्ष के लिए की गई है।

वहीं, एक अन्य अधिसूचना के अनुसार डॉ. निपुण जिंदल, जो वर्तमान में डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस विभाग के निदेशक हैं और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं, उन्हें केंद्र सरकार के आर्थिक कार्य विभाग में उप सचिव के पद पर चार वर्ष के लिए नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति भी केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है।

दोनों अधिकारियों ने हिमाचल में कई अहम प्रशासनिक पदों पर काम किया है। वे विभिन्न जिलों में उपायुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। प्रशासनिक कार्यों में उनके अनुभव और कार्यशैली के कारण उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रही हैं। पिछले दिनों केंद्र सरकार की ओर से दोनों अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने की अधिसूचना जारी की गई थी। अब प्रदेश सरकार ने भी उन्हें कार्यमुक्त कर केंद्र सरकार के अधीन सेवाएं देने के आदेश जारी कर दिए हैं।

इन दोनों अधिकारियों के केंद्र जाने के साथ ही हिमाचल प्रदेश कैडर के 24 आईएएस अधिकारी विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में प्रतिनियुक्ति पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें अनुराधा ठाकुर, भरत हरबंस लाल खेड़ा, मनीष गर्ग, डॉ. रजनीश, सुभाशीष पंडा, अमनदीप गर्ग, पुष्पेंद्र राजपूत, मीरा मोहंती, प्रियतु मंडल, कदम संदीप बसंत, मानसी सहाय ठाकुर, रोहन चंद ठाकुर, ललित जैन, ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर, डॉ. रिचा वर्मा, पंकज राय, हरिकेश मीणा, देवश्वेता बनिक, कृतिका कुलहरी, आशुतोष गर्ग, अरिंदम चौधरी और निधि पटेल शामिल हैं।

इस बीच, आईएएस अधिकारी डॉ. यूनुस और राघव शर्मा ने भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया है। उनके मामलों पर केंद्र सरकार के स्तर पर विचार चल रहा है। यदि दोनों के नामों को मंजूरी मिलती है तो हिमाचल से केंद्र सरकार में सेवाएं देने वाले आईएएस अधिकारियों की संख्या और बढ़ जाएगी।

उधर, सचिव स्तर के अधिकारियों में सी. पालरासू, अभिषेक जैन और ए. शाइनामोल को प्रदेश सरकार पहले ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे चुकी है। हालांकि, इन अधिकारियों की नियुक्ति से जुड़े अंतिम आदेश अभी केंद्र सरकार की ओर से जारी होने बाकी हैं।