अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाएं : उपायुक्त

खूंटी , 31 अगस्त । समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और अवैध खनन स्थलों की पहचान कर संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। बालू सहित अन्य खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी और विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले के सभी बालू घाट पूर्णतः बंद हैं। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में बालू घाटों से खनन, भंडारण या परिवहन नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्टॉक का नियमित मिलान कराने का भी निर्देश दिया।

बैठक में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को नियमित जांच और कार्रवाई करने एवं अवैध क्रशर और ईंट-भट्ठों के संचालन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने थाना प्रभारियों को नियमित जांच अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

बैठक में डीएफओ दिलीप कुमार यादव, एसडीओ दीपेश कुमारी, एसडीपीओ, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।