हाटगम्हरिया में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, हत्या की आशंका

पश्चिमी सिंहभूम, 22 अगस्त । पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कोचड़ा पंचायत अंतर्गत पावपी गांव में शनिवार सुबह 52 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खगेन तांती के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि खगेन तांती शुक्रवार को कोचड़ा बाजार गया था। बाजार से लौटने के बाद वह अपने घर पर था। शनिवार सुबह उसकी पत्नी ने घर के बगल में खगेन का शव पड़ा देखा। पति को मृत अवस्था में देखकर उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस पावपी गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खगेन के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। पुलिस को आशंका है कि किसी धारदार हथियार से सिर पर हमला कर उसकी हत्या की गई होगी। हालांकि, हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और वारदात कहां हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मृतक के छोटे भाई रामलाल तांती ने बताया कि खगेन का किसी व्यक्ति के साथ कोई विवाद नहीं था। परिवार के लोगों ने भी फिलहाल किसी पर हत्या का संदेह नहीं जताया है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना शुक्रवार देर रात हुई होगी।

थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया गया है।————–