कोडरमा, 03 अगस्त । जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश एटीएस और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई कथित रूप से सोशल मीडिया पर संदिग्ध और देश विरोधी और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े पोस्ट की जांच के सिलसिले में की गई।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हिरासत में लिए गए लोगों का किसी प्रतिबंधित या आतंकी नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुबह हुई इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने पूर्व निर्धारित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
अचानक हुई कार्रवाई से गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए।
हिरासत में लिए गए लोगों में अरशद महफूज, जहांगीर आलम, मुहम्मद शहादत, मुहम्मद आसिफ और मुहम्मद शमशेर आलम शामिल हैं। सभी को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच ले गई।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियों को इन लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट, विशेषकर इंस्टाग्राम, पर कथित रूप से आपत्तिजनक और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े पोस्ट की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक इनपुट के आधार पर निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक कोडरमा पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच का दायरा और विस्तृत किया जा सकता है। चर्चा है कि कुछ अन्य स्थानों पर भी जांच एजेंसियों की गतिविधियां चल रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।