पूर्वी सिंहभूम, 30 अगस्त । पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घाटशिला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक काले रंग की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, 29 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसाबनी की ओर से दो युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला थाना क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया के समीप निगरानी शुरू की और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से कुल 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। इसके साथ ही काले रंग की एक बाइक और अलग-अलग कंपनियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ और सत्यापन के बाद दोनों की पहचान जय महानंद (१९) और आकर्षित कुमार (१९) के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ घाटशिला थाना में दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी, सहायक थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश आनंद एवं प्रेम कुमार निषाद, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार एवं घाटशिला थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।