मंडी, 14 अगस्त । मंडी जिला में हो रही मूसलाधार बारिश से बाधित हुई बिजली आपूर्ति को विद्युत कर्मियों ने देर रात तक कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया। मंडी जिला की बल्हघाटी की भडयाल पंचायत के दुर्गम गांव कांढीतारापुर में वीरवार को सायं भारी बारिश से बिजली की तारों पर एक पेड़ गिर गया। जिसके चलते इस गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थानीय लोगों ने जैसे ही विद्युत कर्मियों को इसकी सूचना दी तो बारिश के थमने के बाद वे स्पॉट पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से बिजली कर्मियों ने पहले पेड़ को काटा फिर लाइन को जोड़ा। क्योंकि पेड़ के गिरने से बिजली की तारें टूट गई थीं। जिन्हें कर्मियों ने देर रात साढ़े नौ बजे तक टॉर्च की लाइट से कड़ी मशक्कत के साथ खंभे से जोड़ कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। इस कार्य में स्थानीय लोगों का सहयोग भी सराहनीय रहा।
विद्युत कर्मी हेतराम व हंसराज ने बताया कि यह कार्य स्थानीय लोगों की सहायता से संभव हो पाया अन्यथा इसमें काफी समय लग सकता था। स्थानीय लोगों ने भी कर्मियों का बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए आभार व्यक्त किया।