अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग, स्वयंसिद्ध और निर्विवाद वास्तविकता : विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली, 11 अगस्त । विदेश मंत्रालय ने अरुणाचल प्रदेश को भारत का अविभाज्य और अभिन्न अंग बताते हुए इसे एक स्वयंसिद्ध और निर्विवाद वास्तविकता बताया है। यह बयान भारतीय सर्वेक्षण विभाग के आधिकारिक मानचित्रों पर अरुणाचल प्रदेश के 27 स्थानों के नामों को मानकीकृत करने के भारत के हालिया कदम पर चीन की आपत्ति के जवाब में आया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा, “अरुणाचल प्रदेश भारत का अविभाज्य और अभिन्न अंग है और यह एक ऐसा तथ्य है जो स्वयंसिद्ध है। साथ ही, मैं यह भी रेखांकित करना चाहता हूं कि इस निर्विवाद वास्तविकता को कोई नहीं बदल सकता।”

उल्लेखनीय है कि चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत या ‘जांगनान’ का हिस्सा मानता है। वह 2017 से समय-समय पर वहां के स्थानों के नामों की सूचियां जारी करता रहा है। भारत इन दावों और नामकरण को वास्तविक स्थिति बदलने का प्रयास बताकर खारिज करता रहा है। अब भारत ने इन्हें मानकीकृत करने के लिए कदम उठाया है।