मंडी, 21 अगस्त । मंडी शहर को फोरलेन मालोरी टनल से जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण, मेटालिंग और टैरिंग के किए केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा कोष सी.आर.आई.एफ. के अंतर्गत 6.50 करोड़ राशि की डी.पी.आर. राज्य सरकार के माध्यम से सदर विधायक अनिल शर्मा द्वारा केंद्रीय मंत्री को सौंपी गई। केंद्रीय मंत्री ने इस पर गंभीरता पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
ज्ञात रहे यही एक मात्र सड़क है जो फोर लेन से सीधा मंडी शहर को जोड़ती है और सदर विधायक द्वारा इस सड़क को अपग्रेड करने के लिए राज्य सरकार से भी आग्रह किया था परन्तु पैसों के अभाव में राज्य सरकार ने इस में असमर्थता जताई थी। परंतु सदर विधायक के प्रयासों से केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री के माध्यम से इस सड़क के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है, जिससे मंडी शहर से फोरलेन तक का सफर सुविधाजनक और सुगम होगा।
इसके अलावा सदर विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने वल्लभ महाविद्यालय मंडी के निर्माणाधीन भवन और इसके वाटर प्रूफिंग, रैंप और और ग्राउंड लैंड स्केपिंग के बचे हुए कार्य के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अतिरिक्त धन राशि की मांग की थी। जिसे मानते हुए मुख्यमंत्री के आदेश पर निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग ने वल्लभ महाविद्यालय मंडी के प्राचार्य से इस कार्य की प्रारूप और जरूरी औपचारिकताओं को पूर्ण कर भेजने के लिए आदेश जारी किए थे। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य ने प्रारूप और अन्य औपचारिकताओं को पूर्ण कर के निदेशक उच्च शिक्षा विभाग को प्रेषित किया और निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग ने इसको आगे सचिव, शिक्षा हिमाचल प्रदेश को आगामी कार्यवाही के लिए भेज दिया गया है। इसकी अनुमानित लागत लगभग छह करोड़ साठ लाख रुपए है। इसके बाद जल्दी ही सरकार द्वारा यह धन राशि जारी होने की उम्मीद जगी है।