पीएनबी ने मंडी में आयोजित किया मेगा स्वयं सहायता समूह आउटरीच कार्यक्रम

मंडी, 20 अगस्त । पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय मंडी द्वारा भ्यूली, मंडी में हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं डीआरडीए, मंडी के समन्वय से मेगा स्वयं सहायता समूह आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर चंदर प्रकाश ने स्वयं सहायता समूहों की सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना आवश्यक है, चाहे वह बचत खाते खोलने के माध्यम से हो अथवा बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऋण एवं क्रेडिट लिंकेज सुविधाओं के माध्यम से।

पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ कृषि अधिकारी अक्षय शर्मा ने बैंक की विभिन्न वित्तीय योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने पीएनबी समूह फाइनेंस , पीएनबी श्रेष्ठ , लखपति दीदी पहल के अंतर्गत व्यक्तिगत स्वयं सहायता समूह सदस्यों के लिए वित्त योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा पशुपालन हेतु केसीसी जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना —के महत्व और लाभों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में डीपीएम-एनआरएलएम शैलजा भी उपस्थित रहीं।