हरिद्वार, 01 अगस्त । गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। आज का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार से रोजगार देने वाला बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना और एक जनपद-दो उत्पाद जैसी योजनाओं से रोजगार बढ़ा रही है। राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है।
धामी ने कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। साढ़े चार साल में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई।
उन्होंने बैंक ऋण प्रक्रिया सरल करने और कैंप लगाकर युवाओं की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।