शाहजहांपुर, 14 अगस्त । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कांट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार रात गोवंश को बचाने के प्रयास में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 25 कांवड़िये घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने शुक्रवार को बताया कि लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र से कांवड़ियों का एक जत्था ट्रैक्टर-ट्रॉली से फर्रुखाबाद जल भरने जा रहा था। कांट-जलालाबाद हाईवे पर जरावन गांव के पास अचानक एक गोवंश ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी घायलों का उपचार किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। घायलों में रवि (28), निशांत (19), सुशांत (21), अजय राठौर (21), सुरेंद्र राठौर (40), आयुष (16), नितेश (18), रवि कुमार (28), अरविंद (19), मोहित (30), आयुष वर्मा (17), सुखविंदर (24), निधेश (18), शशांक वर्मा (19), प्रियांशु राठौर (23), अंशु राठौर (20), टिंकल (17), रजनीश (18), अनुभव (14), शोभित (22), सत्येंद्र (22), अवनीश कुमार (30), राज वर्मा (18) और लकी (10) शामिल हैं। सभी घायल लखीमपुर खीरी के भानपुर बनवारी, पटराजपुर समेत आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।