जिला योजना में अनदेखी पर यमुनोत्री विधायक का हल्ला बाेल, जिला कार्यालय घेरा

उत्तरकाशी, 21 अगस्त । उत्तरकाशी, संवाददाता। जिला योजना की सूची में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की योजनाओं को प्राथमिकता नहीं दिए जाने से नाराज यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और उनके समर्थकों ने शुक्रवार को जिला कार्यालय का घेराव किया। ताबांखाणी सुरंग के पास एकत्रित हुए विधायक समर्थक ढोल-दमाऊ के साथ जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा व जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

जिला योजना में संशोधन की मांग को लेकर विधायक और समर्थक देर शाम तक कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे रहे। उन्होंने कहा कि जब तक योजनाओं के संशोधन को लेकर लिखित आश्वासन नहीं मिलता तक तब धरना जारी रखेंगे।

विधायक संजय डोभाल ने आरोप लगाया कि यमुनोत्री विधानसभा के विकास के लिए दिए गए प्रस्तावों को दरकिनार किया गया है। कई योजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं दी गई और प्रभारी मंत्री ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहली बार योजनाएं व्यक्ति विशेष के नाम पर आवंटित की गई हैं। कई ऐसे लोगों की योजनाएं भी स्वीकृत की गई हैं, जिन्होंने पहले ही इसके लिए पैसे दिए थे।

उन्होंने इसके लिए प्रभारी मंत्री और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। डोभाल ने चेतावनी दी कि जिला योजना की सूची में संशोधन कर यमुनोत्री क्षेत्र को प्राथमिकता नहीं दी गई तो प्रभारी मंत्री के घेराव के साथ आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में नौगांव ब्लॉक प्रतिनिधि अजवीन पंवार, नगर पालिकाध्यक्ष बड़कोट विनोद डोभाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

सीडीओ के साथ वार्ता बेनतीजा

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के जिले से बाहर होने पर प्रदर्शनकारियों ने सीडीओ जय भारत सिंह के माध्यम से दूरभाष पर डीएम से वार्ता की। संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलने पर विधायक और उनके समर्थक नहीं माने और देर शाम तक धरने पर डटे रहे।