मजबूत एम-पैक्स से मजबूत गांव और समृद्ध उत्तराखंड बनेगा : धामी

देहरादून, 21 सितंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से उत्तराखंड समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहकारिता प्रभावी माध्यम बन सकती है।

धामी सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से आयोजित लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं देने, युवाओं के लिए अवसर पैदा करने और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण प्रतिभागियों को नई सोच और कार्यदृष्टि प्रदान करने के साथ सहकारिता को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित न रखकर जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाया जा रहा है, ताकि इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य लोग वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।