विजय शेरावत की मानहानि याचिका पर सुधीर चौधरी और डीडी न्यूज को हाई कोर्ट का नोटिस

नई दिल्ली, 07 सितंबर । दिल्ली उच्च न्यायालय ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता विजय शेरावत की मानहानि का दावा करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए पत्रकार सुधीर चौधरी और डीडी न्यूज को नोटिस जारी किया है। जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद की बेंच ने मामले की अगली सुनवाई 22 सितंबर को करने का आदेश दिया।

याचिकाकर्ता बीस वर्षीय विजय शेरावत यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि डीडी न्यूज पर 27 जुलाई को सुधीर चौधरी के डेली प्राइम टाइम शो डिकोड में दिखाया गया कि याचिकाकर्ता ने संसद को नष्ट करने और भारत को नेपाल में बदलने की धमकी देने जैसी बातें की थी। शेरावत के मुताबिक उन्होंने कभी ऐसी बातें नहीं कही और डीडी न्यूज और सुधीर चौधरी ने सही तथ्यों की पड़ताल किए बिना ही उसका प्रसारण किया। कार्यक्रम के प्रसारण के पहले शेरावत को अपना पक्ष रखने का कोई मौका भी नहीं दिया गया। शेरावत ने कहा है कि ये बयान किसी दूसरे व्यक्ति ने किसी दूसरे कार्यक्रम में दिया था और दोनों व्यक्ति साफ तौर पर अलग-अलग दिखते हैं।

याचिका में कहा गया है कि प्रसारण के कुछ ही घंटों के भीतर, क्लिप को एक्स और इंस्टाग्राम पर दोबारा पोस्ट किया गया और शिकायतकर्ता को जान से मारने की खुली धमकियां मिलीं।