शिमला, 22 सितंबर । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश के प्रदेशव्यापी रक्तदान महाअभियान में निर्धारित लक्ष्य से अधिक रक्त एकत्रित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा, समर्पण और संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित इस अभियान में 1675 यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले कुल 1718 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। प्रदेशभर में आयोजित रक्तदान शिविरों में 2500 से अधिक भाजयुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया।
भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महाअभियान में लक्ष्य से 43 यूनिट अधिक रक्त एकत्रित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रदेश के युवाओं की सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। राज्य के सभी संगठनात्मक जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
शुक्ला ने बताया कि कांगड़ा, पालमपुर, चंबा, नूरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, महासू, मंडी, सुंदरनगर, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, देहरा, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान के साथ आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने रक्तदान तथा शिविरों से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी की। कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण, रक्तदाताओं के मार्गदर्शन, चिकित्सा टीमों के सहयोग, कार्यक्रम संचालन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी संभाली।
प्रदेशाध्यक्ष ने अभियान के प्रदेश संयोजक रोहित भारद्वाज और सह-संयोजक शिवेंद्र पाल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में अभियान के समन्वय, जिला स्तर पर शिविरों के आयोजन और कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शुक्ला ने कहा कि भाजयुमो समय-समय पर समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए सेवा गतिविधियां आयोजित करता रहा है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाने का उद्देश्य भी समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी रक्तदाताओं, प्रदेश और जिला पदाधिकारियों, जिला संयोजकों, मंडल कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकीय टीमों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने स्वस्थ और पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।