खूंटी में ऋण मेले का आयोजन, स्वयं सहायता समूहों को 1.82 करोड़ की ऋण-सहायता

खूंटी, 16 सितंबर । खूंटी जिला प्रशासन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नगर भवन में जिला स्तरीय ऋण मेला आयोजित किया गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने लाभुकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र और सांकेतिक चेक वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं और ऋण योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका और स्वरोजगार के अवसरों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने लाभुकों से ऋण राशि का उचित एवं योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करने की अपील की, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। साथ ही समय पर ऋण की अदायगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

ऋण मेले में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक शामिल रहे। मेले के दौरान मुद्रा ऋण, सीसीएल, एन्हांस्ड लिंकेज, डेथ क्लेम और पीएमएफएमई योजनाओं के तहत कुल 1,82,47,512 रुपये की ऋण एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।

बैंक प्रतिनिधियों ने लाभुकों को ऋण के सदुपयोग, समय पर भुगतान तथा उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाकर आजीविका के साधनों को मजबूत करने के लिए भी महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), जेएसएलपीएस के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं।———-